ग्रेटर नोएडा के आमका और बिसरख के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण पर ग्रेनो प्राधिकरण ने चलाया बुल्डोजर

15 Mar 2026 11:53
ग्रेटर नोएडा के आमका और बिसरख के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण पर ग्रेनो प्राधिकरण ने चलाया बुल्डोजर

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आमका और बिसरख के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने आमका गाँव में करीब 15 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है। कालोनाइजर डूब क्षेत्र में अवैध प्लाॅटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। इसके साथ ही बिसरख के डूब क्षेत्र में बने तीन मकानों को ढहा दिया है। दरअसल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम आमका के खसरा संख्या 295, 296, 297, 298 व 299 की जमीन पर कालोनाइजर अवैध निर्माण कर कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर जाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और लगभग 15 हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त करा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई दोपहर में करीब दो घंटे तक चली।वहीं बिसरख के डूब एरिया में निर्माणाधीन तीन मकानों को ढहा दिया। दोनों ही कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उन्होंने अपील की है कि अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

← Back